Crime News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के एक सरकारी स्कूल में दो महिला शिक्षकों के बीच मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूल टीचर बच्चों को पीट रही थी।
जब प्रिंसिपल ने टीचर को रोकना चाहा तो उसने प्रिंसिपल को पीटना शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला बाराबंकी के देवा विकासखंड के सिसवारा के कंपोजिट स्कूल का है। इधर कंपोजिट स्कूल में सहायक महिला शिक्षक ने क्लास रूम में प्राचार्य की जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि सहायक शिक्षक आए दिन बच्चों को बिना वजह पीट रही थी।
मारपीट की घटना से प्राचार्य बेहोश, स्टाफ ने किया मामला शांत
शनिवार को सहायक शिक्षक बच्चों की पिटाई कर रही थी। वहीं स्कूल में मौजूद प्राचार्य ने सहायक महिला शिक्षक को रोका तो शिक्षिका ने बच्चों के सामने प्रधानाध्यापिका का गला घोंट दिया।
इसके बाद वह थप्पड़ मारने लगी। पिटाई से प्राचार्य बेहोश हो गयी तो वह चले गयी। स्कूल में मौजूद अन्य शिक्षकों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
इस घटना के बाद से बच्चे सहमे हुए हैं। मामले की शिकायत प्राचार्य ने पुलिस से की। पुलिस ने प्राचार्य की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो सामने आया है, इसकी भी जांच की जा रही है।