Jharkhand woman Gangrape in Palamu: झारखंड (Jharkhand) के पलामू में एक महिला से उसके पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म का शर्मनाक मामला सामने आया है।
आरोपितों ने महिला के पति और एक रिश्तेदार की जमकर पिटाई भी की। इस दौरान महिला के पति ने किसी तरह दौड़कर पुलिस के पास जाकर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी 4 लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
घर जा रही थी महिला
दरअसल, पलामू इलाके की रहने वाली एक महिला अपने पति से नाराज होकर लातेहार के मनिका इलाके में मायके जा रही थी।
इसी बीच पति बाइक से पत्नी की तलाश में सतबरवा इलाके में पहुंच गया। यहां पति ने पत्नी को पैदल जाते देखा तो वह पत्नी को समझाने लगा।
तभी पति के साढ़ू का भाई (महिला के बहनोई का भाई) भी मौके पर पहुंच गया। यहां दोनों महिला को मनाने की कोशिश कर रहे थे, तभी 6 युवक आ गए।
इन युवकों ने तीनों को बंधक बना लिया और पास के एक स्टोन क्रेशर में ले गए। आरोपी ने महिला के साले की पिटाई की, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।
युवकों ने महिला के पति की भी जमकर पिटाई की। इस दौरान सभी आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
किसी तरह पति आरोपी के चंगुल से छूट कर भागा और भागते-भागते पुलिस पेट्रोलिंग टीम के पास पहुंचा और सूचना दी.
पुलिस ने बताई ये बात
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़ित महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सतबरवा थाना प्रभारी ऋषिकेश राय ने बताया कि 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपी सतबरवा के बकोरिया इलाके के रहने वाले हैं. पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।